
श्री बंशीधर नगर : अगर आप पलाश मार्ट काउंटर से खरीदकर सरसो तेल का सेवन कर रहे हैं तो आप उसके बारे बढ़िया से जान लें कि आप जिस तेल का सेवन उसके रैपर पर लिखे होने की वजह से कर रहे हैं, क्या उक्त उत्पाद उसके मानक को पूरा करता है या नहीं। क्योंकि पलाश मार्ट बिक रहे सरसो तेल के रैपर पर कोल्ड प्रेस्ड सरसो तेल होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन जानकारों के मुताबिक उक्त सरसो का तेल कोल्ड प्रेस्ड सरसो तेल नहीं बल्कि सामान्य तेल मिल में ही तैयार किया हुआ देशी सरसो तेल है। जो नॉर्मल प्रोसेसिंग से तैयार किया हुआ है। गढ़वा जिले के सगमा प्रखंड अंतर्गत जय मां लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह बीरबल के द्वारा समूह की सदस्य के पति अनिल कुमार गुप्ता के तेल मिल में सरसो पेराई कर तेल निकालने और उसे छानने के बाद बोतल में पैकिंग कर पलाश मार्ट में बिक्री के लिये भेजा जाता है। हालांकि पैकिंग के लिये जरूरी उसके ढक्कन और ऊपर से सील की फुलप्रूफ व्यवस्था का भी अभाव है। जय मां लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह बीरबल की ओर से पैक्ड तेल की बिक्री पिछले कई माह से गढ़वा समाहरणालय में जेएसएलपीएस की ओर से संचालित दुकान पलाश मार्ट से की जा रही है। स्वयं सहायता समूह के द्वारा सरसो तेल निर्मित किये जाने के कारण प्रशासन के द्वारा भी इसका व्यापक पैमाने पर प्रचार प्रसार एवं उपयोग किया जा रहा है। सर्वविदित है कि केंद्र एवं राज्य सरकार के द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने के लिये सब्सिडी पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। महिलाएं भी स्वयं सहायता समूह के माध्यम से सरकार से ऋण लेकर छोटे छोटे कारोबार कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में लगातार काम कर रही हैं। इसका परिणाम भी अच्छा मिल रहा है। इसी कड़ी में गढ़वा जिले के सगमा प्रखंड अंतर्गत जय मां लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह बीरबल के द्वारा पीएमजीएसवाई से 9 लाख रुपये का ऋण लेकर सरसो मिल लगाया गया है। उक्त मिल का संचालन समूह के सदस्य ललिता देवी एवं उनके पति अनिल कुमार गुप्ता के द्वारा किया जा रहा है। उसी मिल में सरसो की पेराई कर तेल तैयार किया जा रहा है। समूह के द्वारा उक्त सरसो तेल “कोल्ड प्रेस्ड मस्टर्ड ऑयल” के नाम से ब्रांडिंग कर बिक्री की जा रही है। सामान्य तौर पर लोग कोल्ड प्रेस्ड ऑयल का मतलब लकड़ी के कोल्हू से निर्मित तेल को मानते हैं, लेकिन सामान्य तेल मिल से तैयार तेल के बोतल पर कोल्ड प्रेस्ड मस्टर्ड ऑयल का रैपर लगे होने के कारण भ्रमित हो जा रहे हैं।






