नगर ऊंटारी थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार की पहल से गुम हुए मोबाइल धारकों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्री बंशीधर नगर:–नगर ऊंटारी थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार की सक्रिय पहल और पुलिस टीम के सतत प्रयासों से लगभग एक वर्ष पूर्व गुम हुए दो मोबाइल फोन को सफलतापूर्वक बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया। मोबाइल वापस मिलने के बाद दोनों मोबाइल धारकों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पहला मोबाइल अभिषेक कुमार ठाकुर, पिता विजय शंकर ठाकुर, निवासी हलीवंता कला, थाना नगर ऊंटारी का था, जो दिनांक 25 अगस्त 2025 को गुम हो गया था। वहीं दूसरा मोबाइल भारती कुशवाहा, पिता मदन मेहता, निवासी हुलहुला खुर्द, थाना नगर ऊंटारी, जिला गढ़वा का था, जो दिनांक 17 जनवरी 2025 को गुम हुआ था। दोनों ने काफी खोजबीन के बाद जब मोबाइल का कोई सुराग नहीं मिला, तो नगर ऊंटारी थाना में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम ने तकनीकी माध्यमों से मोबाइल की खोज शुरू की। लगातार प्रयास और निगरानी के बाद पुलिस ने सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल की मदद से दोनों मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की और उन्हें सही-सलामत बरामद कर लिया। इसके बाद विधिवत प्रक्रिया पूरी कर मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया गया।
थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि CEIR पोर्टल गुम या चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी में काफी प्रभावी साबित हो रहा है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाना में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर मोबाइल का विवरण दर्ज कराएं। इससे मोबाइल की बरामदगी की संभावना काफी बढ़ जाती है।
मोबाइल पाकर दोनों लाभार्थियों ने नगर ऊंटारी पुलिस का आभार जताया। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस अधीक्षक, गढ़वा के निर्देश पर पुलिस आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है।

Leave a Comment