
श्री बंशीधर नगर। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 एवं 17 की जनसमस्याओं के समाधान के लिए समाजसेवी संतोष प्रकाश ने कार्यपालक पदाधिकारी को एक आवेदन सौंपा है। उन्होंने मांग की है कि दोनों वार्डों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।
संतोष प्रकाश ने बताया कि वार्ड संख्या 10 में साहेब साव के घर से कृष्णा साव के घर तक सड़क की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है, जिसे दुरुस्त किया जाना आवश्यक है। इसके साथ ही अशोक राम के घर के निकट जलमीनार से पानी सप्लाई का पाइप फट गया है, जिससे जलापूर्ति बाधित है। इसे बदलवाने की मांग भी की गई है।उन्होंने आगे कहा कि पुरैनी श्मशान घाट के निकट गार्डवाल का निर्माण, मुंडन घाट में चापानल की मरम्मति, तथा शिव मंदिर से नदी तक अधूरी नाली निर्माण कार्य पूरा कराने की आवश्यकता है, ताकि लालमन साव के घर से शिव मंदिर तक पानी निकासी की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। साथ ही आश्रम के पीछे नदी के बहाव के कारण टूटी सड़क की मरम्मति कराने की भी मांग की गई है।वहीं, वार्ड संख्या 17 में राजेंद्र विश्वकर्मा के घर से लेकर योगेश्वर विश्वकर्मा के घर तक सड़क व नाली निर्माण कराने की मांग रखी गई है।इस अवसर पर ओमप्रकाश चौबे एवं सूरज विश्वकर्मा भी उपस्थित थे।






