
खरौंधी/गढ़वा:–विधायक प्रतिनिधि उपेंद्र दास ने अनुमंडल पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर को 9 सूत्री मांगों को लेकर 2 जुलाई से प्रखंड कार्यालय खरौंधी में आमरण अनशन पर बैठने की जानकारी दी है। अनुमंडल पदाधिकारी को दिए आवेदन में विधायक प्रतिनिधि ने खरौंधी प्रखंड के पंचायत खरौंधी में मनरेगा योजना में सत्र 2023-24 में मेड़बंदी योजना की जांच कराने,मेड़बंदी योजना में बिना कार्य के मापी पुस्तिका कराकर राशि की हुई बंदरबांट की जांच कराने,मनरेगा योजना में बिना कार्यकारणी के सहमति के योजना चयन में भारी अनियमितता की जांच करने,खरौंधी पंचायत में मनरेगा योजना में प्राकलन के विरुद्ध योजना में हुए भुगतान की जाँच करने,खरौंधी पंचायत में ऑन गोइंग योजना,जैसे डोभा, तलाब, कूप,मेड़बंदी, आम बाग़वानी आदि कार्यो की जांच करने,पशु सेड में बकाया राशि भुगतान बिना भेदभाव के कराने,बिना कार्य कराए कई योजनाओं में राशि का भुगतान कर दिया गया है वैसे योजनाओं का जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्यवाई करने सहित 9 सूत्री मांग पत्र सौपा है।विधायक प्रतिनिधि उपेंद्र दास ने बताया की खरौंधी पंचायत में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं गड़बड़ी को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं उपविकास आयुक्त को आवेदन देकर पूर्व में ही अवगत कराया गया था एवं उनसे कमिटी बनाकर जांच की मांग की थी।लेकिन अभी तक कोई कार्यवाई नही की गई। खरौंधी पंचायत के मुखिया के मनमर्जी एवं सरकार द्वारा चलाई जा रही मनरेगा योजना में पारदर्शिता नहीं रहने के कारण योग्य एवं जरूरत मंद लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।उपरोक्त योजना में भ्रटाचार हावी है।इसलिए में बाध्य होकर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों के साथ 2 जुलाई से प्रखंड कार्यालय में आमरण अनशन पर बैठूंगा।यह अनशन मांगे पूरी होने तक चलते रहेगा।इसकी संपूर्ण जबाबदेही पदाधिकारियों की होगी।






