महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायकेवालों ने लगाया साजिश कर हत्या करने का आरोप

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

गढ़वा:–गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद क्षेत्र के टंडवा पूरन चौक मोहल्ला निवासी सुमित लाल की पत्नी नीतू कुमारी 22 वर्ष की बुधवार को संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई। इसे लेकर मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर साजिश कर नीतू कुमारी की हत्या कर देने का आरोप लगाया है। जबकि मृतका के ससुरालवालों के अनुसार नीतू ने सास ससुर से अलग रहने की जिद कर रही थी। इसकी गुस्से में उसने अचानक फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया।

मृतका के पति सुमित लाल ने बताया कि नीतू कुमारी ने उस पर माता-पिता से अलग होने के लिए दबाव बना रही थी। इसे लेकर पति पत्नी में नोकझोंक हुई थी। तब सुमित ने कांडी में उसके मायके वालों को फोन पर पूरी बात बताया था। तब उसके मायके के लोगों ने फोन पर ही समझाते हुए छोटी-मोटी बात को नजरअंदाज कर समझौता करने की नसीहत दी। सुमित के अनुसार नीतू ने बुधवार की सुबह में घर में खाना बनाकर सभी लोगों को खिलाया। इसके बाद अचानक घर में फांसी लगा ली। इसकी जानकारी मिलने के बाद उसे फांसी के फंदे से उतार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि मृतका के पिता सह गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र के कांडी बाजार निवासी भीम लाल ने बताया कि उसकी पुत्री ने बुधवार की सुबह 10 बजे अपने मायके में फोन लगाकर सबसे हंसी खुशी से बात की थी। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे उसके ससुराल से फोन किया गया कि आप गढ़वा जल्द पहुंच जाइए। कई बार पूछे जाने के बाद भी वे लोग घटना की जानकारी नहीं दिए। जबकि गढ़वा पहुंचने पर नीतू का शव सदर अस्पताल में पड़ा मिला। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या नहीं कर सकती है। साजिश के तहत उसकी हत्या कर फांसी के रुप दे दिया गया है। उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। इधर, इस घटना की जानकारी मिलने के बाद गढ़वा थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर मृतका के ससुरालवालों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

 

 

Leave a Comment