
श्री बंशीधर नगर:– जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गढ़वा के तत्वावधान में सरस्वती विद्या मंदिर, बंशीधर नगर में लीगल लिट्रेसी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज प्रसाद तथा सचिव निभा रंजना लकड़ा के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
इस अवसर पर प्राधिकरण की छह सदस्यीय पीएलवी टीम — सुधीर कुमार चौबे, अजीत कुमार सिंह, विकास कुमार, शायना प्रवीण, पंकज कुमार और संगीता देवी ने विद्यालय के नवम एवं दशम वर्ग के छात्र-छात्राओं को कानून और उनके अधिकारों से संबंधित विभिन्न जानकारियाँ दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत पीएलवी सुधीर कुमार चौबे ने की। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की स्थापना, कार्यों और लोक अदालत की प्रक्रिया के बारे में बताया। उन्होंने वीर परिवार सहायता योजना की जानकारी देते हुए कहा कि यह योजना नालसा द्वारा देश की रक्षा में लगे शहीद सैनिकों एवं उनके परिवारों को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान करने हेतु प्रारंभ की गई है।पीएलवी अजीत कुमार सिंह ने छात्रों को साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और मानव तस्करी से संबंधित कानूनों की जानकारी दी।
पीएलवी विकास कुमार ने सड़क सुरक्षा और मोटर वाहन अधिनियम के बारे में बताते हुए छात्रों को हेलमेट पहनने और वाहन का बीमा कराने की सलाह दी।पीएलवी संगीता देवी ने बाल विवाह, डायन प्रथा उन्मूलन तथा रैगिंग कानून पर विस्तार से चर्चा की।
पीएलवी शायना प्रवीण ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर (1098) और वूमेन हेल्पलाइन नंबर (181) के बारे में जानकारी दी।
वहीं पीएलवी पंकज कुमार ने श्रमिक निबंधन और स्पॉन्सरशिप योजना की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों में कानूनी जागरूकता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगे।






