युवाओं की पहल से मजबूत हुआ पुलिस-जनता का सम्बंध, नगर उंटारी थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार हुए सम्मानित

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्री बंशीधर नगर:-
नगर उंटारी थाना परिसर में उस समय एक सराहनीय और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब स्थानीय युवा अबुताज़ शहंशाह ने थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार को विशेष सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर अबुताज़ शहंशाह ने थाना प्रभारी का एक सुंदर स्केच बनाकर उन्हें भेंट किया तथा अंग वस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया।
यह सम्मान समारोह न केवल पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संबंधों को मजबूत करने का प्रतीक बना, बल्कि युवाओं की सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी को भी उजागर किया।
युवाओं का कहना था कि थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार के नेतृत्व में नगर उंटारी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हुई है और अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना जा रहा है। इसी विश्वास और सम्मान के प्रतीक के रूप में यह सम्मान दिया गया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने कहा कि इस तरह का स्नेह और सम्मान पुलिस बल के लिए बड़ी प्रेरणा का स्रोत होता है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक सोच समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। युवाओं का सहयोग और विश्वास हमें और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। जब युवा सही दिशा में सोचते हैं और कानून-व्यवस्था के समर्थन में आगे आते हैं, तो समाज स्वतः ही सुरक्षित और मजबूत बनता है।
थाना प्रभारी ने युवाओं से अपील की कि वे नशा, अपराध और अफवाहों से दूर रहकर शिक्षा, खेल और समाजसेवा से जुड़ें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस के साथ सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस सदैव जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है।
अंत में सभी ने नगर उंटारी क्षेत्र में शांति, भाईचारे और विकास की कामना की। यह सम्मान समारोह निश्चित रूप से पुलिस-जनता संबंधों को और अधिक मजबूत करने वाला साबित हुआ।

Leave a Comment